मंत्रालय के गेट पर भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व विधायक ठाकुर, पुलिस ने रात में उठाया
भोपाल। धरमपुरी के पूर्व भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर सोमवार को मंत्रालय भवन के बाहर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए। वे दिन भर तो वहां बैनर लगा कर बैठे रहे, लेकिन शाम होने पर पुलिस ने उन्हें वहां से उठा दिया। ठाकुर को पुलिस ने बताया कि यहां किसी को भी धरना देने की अनुमति नहीं है।
कालूसिंह ठाकुर का आरोप है कि धरमपुरी के कांग्रेस विधायक पांचीलाल मेढ़ा उनके द्वारा विधायक निधि से लगाए गए बस स्टेंड के यात्री प्रतिक्षालय को हटाकर दूसरी जगह लगा रहे हैं। दरअसल ठाकुर ने एक ही स्कूल में 8 यात्री प्रतिक्षालय लगा लिए थे। इस मामले में ठाकुर की शिकायत धार कलेक्टर से हुई थी। इसके बाद जांच में शिकायत सही पाए जाने पर इसमें से चार प्रतिक्षालय निकाल कर दूसरी जगह स्थापित कर दिए गए।ठाकुर का आरोप है कि मेढ़ा उनके द्वारा विधायक निधि से क्षेत्र में चलाए जा रहे टेंकरों पर से उनका नाम हटवा कर अपना नाम लिखवा रहे हैं और उन्हें विधानसभा क्षेत्र से बाहर चला रहे हैं। ठाकुर इस मामले में धार कलेक्ट्रेट पर धरना देने के साथ ही इच्छा मृत्यु की मांग भी कर चुके हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2sk6qlD
via
No comments