पुलिस नहीं कर पाई छेड़छाड़ करने वालों की गिरफ्तारी, पीडि़ता को फोन पर दे रहे धमकी
भोपाल। छेड़छाड़ पीडि़ता को फोन पर धमकी का मामला सामने आया है। पीडि़ता ने इसकी शिकायत एमपी नगर थाने में दर्ज कराई है। पीडि़ता ने आरोप लगाए कि छेड़छाड़ के आरोपियों को एमपी नगर पुलिस महीनेभर बाद भी गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की शह पाकर आरोपी उसे खुलेआम धमकी दे रहे हैं।
एमपी नगर पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय युवती ओरा माल के पास शाहपुरा थाना क्षेत्र में रहती हैं। दो दिन पहले वह एमपी नगर में बोर्ड आफिस के पास थीं, तभी उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर धमकी दी कि आप सोशल मीडिया पर बहुत न्यूज पोस्ट कर रही हैं। अगर हम लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया पर न्यूज या मैसेज पोस्ट किया तो जान से खत्म कर देंगे।
इसके बाद वह एमपीनगर थाने पहुंची और फोन करने वाले मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज कराया। मालुम होकि 2-3 नवंबर की दरमियानी रात एमपी नगर जोन-2 स्थित पिचर्स बार में युवती के साथ बार के कर्मचारियों ने छेड़छाड़ कर दी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की थी। घटना के करीब 15 दिन बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
चौथी मंजिल से गिरी छात्रा के मामले में केस दर्ज
भोपाल। मिसरोद इलाके में 11 दिसंबर को मेपल मॉल की चौथी मंजिल से गिरी छात्रा प्राची सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने मॉल के मालिक अरविंद अग्रवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि निर्माण में लापरवाही की वजह से छात्रा असंतुलित होकर गिरी थी।
फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। मालूम हो कि मदीना रेस्टोरेंट के पास पिपलानी निवासी 21 वर्षीय युवती प्राची सिंह जॉब की तलाश में 11 दिसंबर को अपने दोस्त सूरज कुशवाहा के साथ मेपल मॉल में पहुंची थी। इसी बीच चौथी मंजिल में चल रहे कंस्ट्रक्शन को देखने लगी। तभी वह असंतुलित होकर नीचे गिर गई। उपचार के दौरान 1 जनवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
कांग्रेस विधायकों को जमानत
किसान आंदोलन के दौरान पुलिस मुख्यालय उज्जैन में प्रदर्शन के एक मामले में बुधवार को जिला अदालत से तराना के कांग्रेस विधायक महेश परमार और शुुजालपुर के विधायक कुनाल चौधरी को जमानत मिल गई है।
राजनैतिक मामलों के लिए गठित विशेष अदालत के न्यायाधीश सुरेश सिंह ने दोनों को 20 हजार रूपये की सशर्त जमानत- मुचलके पर छोडने के आदेश दिए। उज्जैन में किसान आन्दोलन का नेतृत्व कर रहे दोनों नेताओं ने उज्जैन में पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इसे लेकर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36ajngt
via
No comments