माफिया मुक्त मप्र : परिवार देखता रहा, जमींदोज हुआ बब्बू का रसूख, पूर्व आइएएस का अवैध निर्माण भी ध्वस्त - Web India Live

Breaking News

माफिया मुक्त मप्र : परिवार देखता रहा, जमींदोज हुआ बब्बू का रसूख, पूर्व आइएएस का अवैध निर्माण भी ध्वस्त

भोपाल। माफिया के खिलाफ सोमवार को चारों प्रमुख शहरों में अवैध निर्माणों को फिर ध्वस्त किया गया। भोपाल में पूर्व आइएएस व पूर्व भाजपा पार्षद के अवैध निर्माण को ढ़हा दिया गया, जबकि इंदौर में भूमाफिया सुल्तान शेख के अवैध निर्माण को उसके परिवार के सामने ही जमींदोज कर दिया गया। पुलिस व प्रशासन की टीम पूरे दिन अवैध निर्माणों पर जेसीबी चलवाकर अवैध निर्माण तुड़वाती रही। भोपाल में ड्रग माफिया पर भी कार्रवाई की गई। वहीं जीतू सोनी प्रकरण में मुंबई से एक आरोपी की गिरफ्तारी की गई है, जिससे अनेक सीडी व पेनड्राइव जप्त की गई है। अब इन इलेक्ट्रिक् गैजेट्स के वीडिया व फोटों की जांच की जाएगी।

 

इंदौर : माफिया का परिवार देखता रहा कार्रवाई
कुख्यात भूमाफिया सुल्तान शेख उर्फ बब्बू के रसूख को सोमवार को जमींदोज कर दिया। प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई में कादर कॉलोनी स्थित आलीशान बंगला, पटेल नगर का फार्म हाउस और कालका माता मंदिर के पास स्थित दफ्तर पर बुलडोजर चलाया गया। कादर कॉलोनी अवैध होने के साथ बंगले का नक्शा भी निगम से पास नहीं कराया था। पटेल नगर में फार्म हाउस जमीन पर कब्जा कर खड़ा किया था।

 

फार्म हाउस और दफ्तर कुछ ही देर में तोड़ दिए गए, लेकिन बंगले पर कार्रवाई शुरू होने से पहले बब्बू की पत्नी ने अधिकारियों से विवाद किया। परिवार की महिलाएं घर के सामने तख्त पर बैठकर कार्रवाई देखती रहीं। भंवरकुआं क्षेत्र के जमीन और ब्याज माफिया ओमप्रकाश सलूजा पर कार्रवाई की।

 

निगम ने सलूजा के बगैर इजाजत संतनगर गुरुद्वारे के पास चार हजार वर्गफीट पर बनाए जा रहे पांच मंजिला होस्टल, विष्णुपुरी एनएक्स में नदी के पास निगम की 10 हजार वर्गफीट जमीन पर कब्जा कर बनाए कारखाने और दो मंजिला स्कूल भवन को ध्वस्त किया। सलूजा 20 साल पहले बिहार से इंदौर आया था। वहीं सरस्वती गृह निर्माण के नाम पर जमीनों की जालसाजी करने वाले आरोपी शिवनारायण अग्रवाल के निर्माणों पर भी कार्रवाई की।

अवैध कब्जों से मुक्त कराया

अग्रवाल ने संस्था के जरिए तुलसी नगर कॉलोनी बसाई थी। इसमें सरकारी जमीन पर कब्जा कर प्लॉट काट दिए थे। संस्था के टीएंडसीपी के नक्शे में भी गड़बड़ी करते हुए कई प्लॉट बढ़ाए थे। यहां 20 बाय 30 वर्गफीट जमीन ऑफिस बनाया था। इसे नगर निगम ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। यहां पर मौजूद 15 हजार वर्गफीट जमीन पर मौजूद अग्रवाल द्वारा किए अवैध कब्जों से मुक्त कराया।

बच्चों को बंधक बनाकर किया बलात्कार
एक लाख के इनामी वाटेंड जीतू सोनी के साथी को गैंग रेप के मामले में पुलिस ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसका दूसरा पति मुंबई में रहकर जीतू सोनी को वहां से गलत काम के लिए लड़कियां सप्लाय करता है। वह पुलिस को शिकायत करना चाहती थी, पति 2016 में गरबा दिखाने के बहाने उसे इंदौर लाया। होटल बेस्ट वेस्टर्न मेें दो बच्चों को बंधक बनाकर उसके साथ जीतू व पति ने बलात्कार किया और वीडियो बनाकर चुप कर दिया था।

43 महिला की शिकायत पर जीतू सोनी सहित छह लोगों के खिलाफ गैंग रेप की धाराओं में केस दर्ज किया है। क्राइम ब्रांच की टीम मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लाई। उसके पास से कई सीडी व पेन ड्राइवर भी पुलिस ने जब्त की है। महिला के पहले पति की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। उसके दो बच्चे है, बाद में जीतू सोनी के लिए काम करने वाले युवक ने उसके साथ विवाह किया था। एसएसपी रुचि वर्धन मिश्र को बताया कि उसका दूसरा पति जीतू सोनी के लिए काम करता है। वह मुंबई में रहकर जीतू के लिए गलत काम के लिए लड़कियां सप्लाय करता है।


भोपाल : पूर्व भाजपा पार्षद व पूर्व आइएएस का अवैध निर्माण ध्वस्त

राजधानी में सोमवार को इस्लामनगर एवं अरवलिया में खेतों में बनाई सात अवैध कॉलोनियों में बने निर्माण जमींदोज करते हुए काटे गए ३५० से ज्यादा प्लॉटों को खुर्दबुर्द कर दिया। केरवा रोड पर भाजपा नेता और पूर्व पार्षद कृष्णकांत चौरसिया के साक्षी ढाबे की छह दुकान और १५० फीट लंबी बाउंड्री तोड़ी गई। रिटायर्ड आइएएस खुमान सिंह मारण का जहाज रेस्टोरेंट का जहाज छोड़कर पूरा रेस्टोरेंट तोड़ डाला। यहीं पर एक और प्रताप रेस्टोरेंट को पूरी तरह से तोड़ दिया। दरअसल इस रोड पर सिक्स लेन सड़क निकलनी है।

रोहित नगर में डुप्लेक्स पर चली जेसीबी

रोहित नगर सोसायटी में घनश्याम सिंह राजपूत के अवैध कब्जों पर जेसीबी चली। मुख्य सड़क स्थित २१०० वर्ग फीट के प्लॉट पर आगे की तरफ तीन दुकानें बना रखीं थी, जिन पर कार्रवाई की गई। आगे का साढ़े तीन मीटर का हिस्सा तोड़ा गया। इस प्लॉट को घनश्याम ने अपनी पत्नी संध्या राजपूत के नाम पर करा रखा है।

 

अंदर घनश्याम का एक डुप्लेक्स पर भी कार्रवाई की गई। उसके आगे के ढाई फिट के हिस्से में बने एक बाथरूम, बालकनी को तोड़ा। वहीं ड्रग माफिया रईस रेडियो के टीला स्थित मकान को तोडऩे के साथ छोला के लखन राजपूत के घर को भी प्रशासन ने तोड़ दिया। दोनों बदमाशों ने अपने घर अवैध रूप से बना रखे थे। लखन ने सरकारी जमीन पर दो मंजिला मकान बना रखा था जिसमें दुकान भी थी। रईस रेडियो का ६ हजार वर्गफीट पर नाले की जमीन पर अवैध निर्माण था।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YREMIO
via

No comments