राजभवन में अब पॉली हाउस में होगी सब्जी-फल की खेती
भोपाल। राजभवन में अब पॉली हाउस में देशी और विदेशी सब्जी और फलों की खेती की जाएगी। यहां 800 वर्गमीटर में पॉली हाउस लगाने की तैयारी की जा रही है। राजभवन में नए साल से इस पद्धति से सब्जी और फल की खेती शुरू की जाएगी। राज्यपाल लालजी टंडर की पहल पर पॉलीहाउस में सब्जी की खेती कराने के लिए हॉटिकल्चर विभाग ने टेंडर जारी किया है। इसमें तकरीबन 8 लाख रुपए का खर्च आएगा।
राजभवन में सब्जी की खेती पहले भी होती रही है, लेकिन यहां कुछ मौसमी सब्जी का ही उत्पादन हो पाता था। इसके साथ ही जिन सब्जियों के लिए यहां अलग-अलग मौसम में वातावरण उपयुक्त होता था सिर्फ वही सब्जियां ही पैदा हो पाती थी।
पॉलीहाउस में हर मौसम में विभिन्न प्रकार की सब्जी और फलों की खेती की जा सकेगी। इस तकनीक से सब्जी उगाने से ओला-पाला सहित अन्य मौसमी प्रकोप का भी प्रभाव इन पर नहीं पड़ेगा। सब्जी का उत्पादन भी बढऩे के साथ ही पॉलीहाउस से एक मौसम में सब्जी की कई फसलें तैयार की जा सकेंगी।
जैविक खाद का उपयोग
फल और सब्जी उगाने के लिए गोबर और जैविक खाद का उपयोग किया जाएगा। रसायनिक खाद और कीटनाशक दवा का उपयोग नहीं किया जाएगा। जहां सब्जी और फल की खेती करने के लिए पॉलीहाउस लगाया जाएगा वहां की मिट्टी परीक्षण कराया जाएगा। मिट्टी परीक्षण के दौरान यह देखा जाएगा कि उस क्षेत्र की मिट्टी की उर्वरा शक्ति कितनी है। मिट्टी में किन तत्वों की कमी है और उसे किस तरह की खाद मिलाकर दूर किया जा सकता है।
सिंचाई के लिए लगाया जाएगा ड्रिप सिस्टम
फल, सब्जी और फूल को पर्याप्त मात्रा में पानी मिले इसके लिए ड्रिप सिस्टम लगाया जाएगा। इस सिस्टम से फल, सब्जी और फूल को उतना ही पानी मिलेगा जितने पानी को उन्हें 24 घंटे के अंदर जरूरत होगी। इसकी मानीटरिंग और देख-रेख के लिए अलग से माली की ड्यूटी लगाई जाएगा।
कुछ क्षेत्र में उगेगा फूल
राजभवन में फूलों की भी खेती के लिए अलग से पॉलीहाउस तैयार किया जाएगा। इसमें झरबेरा सहित अन्य देशी विदेशी फूलों की खेती की जाएगी। इसके अलाव गुलाब की तमाम तरह प्रजातियां लगाई जाएंगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2OTYCQb
via
No comments