सात साल पहले हुई थी शादी, जानिए पत्नी ने मोनू पटेल पर क्या लगाए इल्जाम - Web India Live

Breaking News

सात साल पहले हुई थी शादी, जानिए पत्नी ने मोनू पटेल पर क्या लगाए इल्जाम

भोपाल। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व नरसिंहपुर के भाजपा विधायक जालम सिंह पटेल के बेटे मणिनागेंद्र सिंह उर्फ मोनू पटेल की असामयिक मौत हो गई है। मोनू पटेल नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव में अपने घर में मृत पाए गए। इस दुखद घटना से नरसिंहपुर और गोटेगांव इलाके में शोक छा गया है।

मोनू पटेल महज 34 साल के थे। उनकी शादी सात साल पहले नीतू सिंह से हुई थी पर यह रिश्ता ज्यादा टिका नहीं। नीतू सिंह ने अपने पति मणि नागेंद्र सिंह, ससुर जालमसिंह और उनके भाई केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल सहित परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के खिलाफ घरेलू हिंसा व दहेज उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस को आवेदन दिया था। आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर वे मीडिया के सामने भी आई थीं और अपने पति व उसके परिजनों पर आरोप दोहराए थे।

नीतू सिंह दिल्ली में नौकरी कर रहीं हैं। मीडिया के समक्ष उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन के बारे में विस्तार से बताया था। नीतूसिंह ने बताया कि मणिनागेंद्र सिंह पटेल से उनकी शादी नरसिंहपुर के गोटेगांव में 29 जनवरी 2016 को हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति उनके साथ मारपीट करने लगे थे। भोपाल स्थित ससुर जालम सिंह पटेल के सरकारी निवास में भी उनके साथ मारपीट की गई थी। नीतू ने अपने पति मोनू पर अन्य गंभीर आरोप भी लगाए थे। नीतू का आरोप था कि उसके पति मोनू के कई लड़कियों से संबंध थे। पत्नी ने उन्हें ड्रग्स का भी आदी बताया था।

नीतू सिंह ने दिल्ली के वसंत कुंज थाने में 17 नवंबर 2020 को पति और परिजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें पति मोनू पटेल, उनके बड़े ससुर केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, ससुर विधायक जालम सिंह पटेल, सास सुमन सिंह पटेल, बड़ी सास पुष्पलता पटेल, ननद फलित सिंह पटेल, देवर प्रबल पटेल का भी नाम था। नीतू सिंह ने दिल्ली के महिला अत्याचार निवारण सेल में एफआइआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया था।

हालांकि नीतू सिंह के इन आरोपों को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और विधायक जालम सिंह पटेल ने पूरी तरह खारिज कर दिया था। प्रहलाद सिंह पटेल ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि बहू नीतू के पिता चंद्रभान सिंह ने ही यह रिश्ता तय किया था। इसलिए जवाब देने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। इधर नीतूसिंह के ससुर विधायक जालम सिंह पटेल ने कहा था कि ये राजनीतिक साजिश है, घरेलू मामले उठाकर हमें बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। बहू नीतू के बारे में उन्होंने यह भी बताया कि हमने कई बार बातचीत से सुलह का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/G3TPrhH
via

No comments