Kuno Cheetah बीमार चीते भेज दिए भारत! एमपी के पीसीसीएफ ने किया बड़ा खुलासा
भोपाल। एमपी के कूनो नेशनल पार्क में एक के बाद एक कई चीतों की मौत हो चुकी है। यहां चीते अफ्रीका से लाए गए थे। चीतों की मौत की वजह कॉलर आईडी से हुआ संक्रमण और अधिक बारिश बताई जा रही है। इस वजह से शेष चीतों के कॉलर आईडी हटाए भी जा रहे हैं। इस बीच एमपी के प्रधान मुख्य वन संरक्षक यानि पीसीसीएफ असीम श्रीवास्तव ने चीतों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उनका कहना है कि चीते भारत लाए जाने से पहले ही बीमार थे।
भारत में कई साल पहले चीते खत्म हो गए थे। विलुप्त हुए चीतों को देश में फिर से बसाने के लिए पिछले साल अफ्रीका के नामीबिया से चीते लाकर इन्हें मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। इनमें से कई चीते मर गए जिससे विवाद खड़ा हो रहा है। कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीका से लाए गए चीतों की मौत को लेकर विशेषज्ञों के मत भी सामने आए हैं।
ज्यादातर विशेषज्ञों का कहना है कि चीतों की मौत कॉलर आईडी लगाने से हुए संक्रमण के कारण हो रही है। दरअसल अफ्रीका लाए गए चीतों पर लगातार नजर रखने के लिए उनके गले पर कॉलर आईडी लगाई गई थी।पिछले कुछ दिनों में जिन चीतों की मौत हुई उनके गले पर इंफेक्शन पाया गया था। इंफेक्शन के कारण चीतों के गलों में गहरे जख्म भी मिले थे।
इसके बाद ही बवाल शुरु हो गया। विशेषज्ञों ने कॉलर आईडी को चीतों की मौत की वजह बताते हुए इसे हटाने की बात कही। इस बीच एमपी के नवनियुक्त PCCF असीम श्रीवास्तव ने चीतों को लेकर चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने इस बात से ही साफ इंकार कर दिया है कि चीतों में संक्रमण कॉलर आईडी के कारण हो रहा है।
PCCF असीम श्रीवास्तव ने यह भी कहा कि चीतों के गलों पर लगाए गए कॉलर आईडी हम नहीं हटाएंगे। उनका स्पष्ट तौर पर कहना है कि कॉलर आईडी के बिना चीतों की निगरानी नहीं की जा सकती। PCCF असीम श्रीवास्तव ने सबसे खास बात यह कही है कि चीते भारत लाए जाने से पहले ही बीमार थे। PCCF के अनुसार चीतों को कॉलर आईडी के कारण इंफेक्शन नहीं हुआ बल्कि वे पहले से ही संक्रमित थे। उनका यह भी कहना है कि विशेषज्ञों से चर्चा कर कॉलर आईडी में बदलाव किया जा सकता है।
8 चीतों की हो चुकी मौत
चीता प्रोजेक्ट केंद्र सरकार का अहम प्रोजेक्ट है जिसपर करोड़ों रुपए खर्च किए गए हैं। इसके बाद भी कूनो में अब 8 चीतों की मौत हो चुकी है। इनमें 5 चीते और 3 शावक शामिल हैं। कई चीतों की मौत के बाद अफसरों की नींद उड़ गई है। फिलहाल कूनो में 15 चीते और 1 शावक है जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए दोबारा बाड़े में बंद किया जा रहा है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Mt3AuZi
via
No comments