पुराने शहर में अनाउंसमेंट, रात 11 बजे बंद होंगे बाजार, मेडिकल को छूट, चलेंगी स्कूल और सिटी बसें, रोकने वालों पर लगेगी रासुका
भोपाल. पुराना शहर के बाजार अभी भी देर रात तक खुले रहते हैं। इसको लेकर प्रशासन अब सख्ती बरतने जा रहा है। मंगलवार को प्रशासन ने नगर निगम के माध्यम से लाउडस्पीकर पर अनाउंसमेंट कराया है कि बाजार रात 11 बजे बंद हो जाए। वर्ना बुधवार से देर रात बाजार खुलने पर कार्रवाई की जाएगी। दुकानों को सील तक किया जाएगा। इसमें रेस्टाेरेंट, बाजार व अन्य दुकानें शामिल हैं। मेडिकल दुकानों को रात में खुलने की छूट दी गई है। कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि बाजार को समय पर बंद कराने के लिए मंगलवार को शहर एसडीएम अमन मिश्रा, एसीपी कोतवाली अनीता प्रभा शर्मा सहित नगर निगम के अमले ने पुराने शहर के बुधवारा, इब्राहिमपुरा सहित अन्य इलाकों में रात ग्यारह बजे दुकानें बंद करने का अनाउसमेंट कराया है। शराब नीति के तहत ये दुकानें रात 11.30 बजे तक खोली जाएंगी। नगर निगम के ट्रेड लाइसेंस के तहत रात 11 बजे दुकानों को बंद किया जाना चाहिए। लेकिन पुराने शहर के बाजार देर रात तक खोले जा रहे हैं। इसको लेकर अब सख्ती होगी।
चलेंगी स्कूल और सिटी बसें, रोकने वालों पर लगेगी रासुका
स्कूल और सिटी बसें बुधवार से चलेंगी। इसकाे लेकर मंगलवार शाम को कलेक्टोरेट में स्कूल और सिटी बस के अफसरों और ड्राइवरों के साथ प्रशासन के अफसरों ने बैठक की। इसमें अफसरों ने कहा कि बुधवार से शहर में स्कूल और सिटी बसों का संचालन शुरू हो जाना चाहिए। जो ड्राइवर बसें चलाने नहीं आएंगे उनके लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे। बसों को चलाने के दौरान अगर कोई व्यवधान डालता है तो उस पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। शिकायत के लिए जिला प्रशासन एक नंबर भी जारी कर रहा है। बैठक में संभागायुक्त पवन शर्मा, कलेक्टर आशीष सिंह, कमिश्नर हरि नारायण चारी व अन्य अफसर मौजूद थे। कलेक्टर और कमिश्नर ने बस संचालकों से दो टूक कहा कि बुधवार से बसें चलनी हैं इस बात का ध्यान रखें। बैठक में बस ड्राइवरों की तरफ से बताया गया कि कई ड्राइवर मौजूद नहीं हैं। लेकिन अफसरों ने उनसे दो टूक कहा कि बसें बुधवार से विधिवत चलाई जाएं, वर्ना कार्रवाई की जाएगी।
वर्जनस्कूल और सिटी बसों के संचालन के लिए बैठक कर सख्त निर्देश दिए हैं। अगर कोई बसों के संचालन में व्यवधान डालेगा तो उस पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आशीष सिंह, कलेक्टर
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/Z5BnMtY
via
No comments