सिंगापुर के 25% लोगों का हैकर्स ने निजी डेटा चुराया; उन्हें यह तक पता है कि पीएम कौन सी दवाएं लेते हैं
सिंगापुर । हैकर्स ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सेन लूंग समेत करीब 25% आबादी यानी 15 लाख लोगों का निजी डेटा चुरा लिए। सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हैकर्स ने यह डेटा सरकारी स्वास्थ्य विभाग के डेटाबेस पर हमला करके हासिल किए। हैकर्स के पास 1 मई 2015 से 4 जुलाई 2018 के बीच क्लीनिक गए लोगों का डेटा मौजूद है। इसमें लोगों के नाम, पते, सेहत और इलाज से जुड़ी जानकारियां मौजूद हैं। हालांकि, सरकार का दावा है कि हैकर्स ने किसी के डेटा में बदलाव नहीं किया है। न ही डिलीट किया है। इसके अलावा डेटाबेस में मौजूद जांच रिपोर्टों को हैक नहीं किया है।
सिस्टम में कैसे घुसे हैकर्स?
जांच में सामने आया है कि लोगों को मेडिकल सुविधाएं देने वाले सरकार के एक मुख्य संस्थान सिंगहेल्थ के कम्प्यूटरों में वायरस भेजा गया। इसके बाद हैकर्स के लिए डेटा तक पहुंचना आसान हो गया। यह साइबर हमला 27 जून से 4 जुलाई के बीच किया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री ली सेन लूंग का भी निजी डेटा चुराया, जिसमें उनकी दवाओं की जानकारी भी है। ली सेन दो बार कैंसर का इलाज करा चुके हैं। सिंगापुर की न्यूज वेबसाइट स्ट्रेट टाइम्स के मुताबिक, फिलहाल सिंगहेल्थ ने अपने कर्मचारियों को 28 हजार कम्प्यूटरों पर काम करने से रोक दिया है।

No comments