18वें एशियाई खेल में भारतीय दल से 79 साल की रीता चौकसी होंगी सबसे उम्रदराज एथलीट
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के जीबीके स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे से उद्घाटन समारोह
रीता पहले फिल्म स्टार बनना चाहती थीं, लेकिन पिता ने उन्हें ब्रिज खेलने के लिए प्रेरित किया। -फाइल
एशियाड में पहली बार 10 नई स्पर्धाएं
इंडोनेशिया के सबसे धनी 78 साल के माइकल बाम्बांग लेंगे हिस्सा
जकार्ता। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता और पालेमबैंग में शनिवार शाम 5:30 बजे से 18वें एशियाई खेल शुरू होंगे। इन खेलों में भारत के 571 एथलीट्स भाग लेंगे। इनमें सबसे उम्रदराज 79 साल की रीता चौकसी हैं। वे ताश से खेले जाने वाले ब्रिज में हिस्सा लेंगी। इसमें दोनों टीमों से दो-दो खिलाड़ी होते हैं। इसे एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया है। देश को इस बार भी अपने खिलाड़ियों से अप्रैल में हुए गोल्डकोस्ट कॉमनवैल्थ जैसी कामयाबी की उम्मीद है। इस प्रतियोगिता में भारत पदकों के मामले में तीसरे नंबर पर रहा था।
रीता 1970 से खेल रहीं ब्रिज : यह संयोग ही है कि रीता दिल्ली के खेलगांव परिसर में ही रहती हैं। इसे 1982 में एशियाड के लिए बनाया गया था। बाद में इसके फ्लैट्स बेच दिए गए थे। रीता के मुताबिक, वे नियमित योग और व्यायाम करती हैं। वे फिल्म स्टार बनना चाहती थीं, लेकिन पिता के विरोध के कारण यह सपना पूरा नहीं हो पाया। पिता ने ही ब्रिज खेलने के लिए प्रेरित किया। वे 1970 से इस खेल में हिस्सा ले रही हैं। कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन एशियाई खेलों में वे चीन और इंडोनेशिया को कड़ी चुनौती मानती हैं।
उद्घाटन आज, खेल कल से शुरू होंगे : जकार्ता के जीबीके स्टेडियम में होने वाले उद्घाटन समारोह से एशियाई खेलों की औपचारिक शुरुआत होगी, जबकि 19 अगस्त से स्पर्धाएं शुरू होंगी। उद्घाटन समारोह में जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा तिरंगा थामे भारतीय दल की अगुआई करेंगे। नीरज ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। इन खेलों में भी वे भारत की पदक की उम्मीद हैं। एशियाड में भारत 36 खेलों में हिस्सा ले रहा है। इस बार 10 और नए खेलों को शामिल किया गया है। भारत समेत सात देश- इंडोनेशिया, जापान, फिलीपींस, श्रीलंका, सिंगापुर और थाईलैंड ने हर एशियाई खेलों में भाग लिया है। एशियन गेम्स का प्रसारण सोनी नेटवर्क के चैनल्स पर होगा।

No comments