केरल बाढ़: कर्नाटक के 6 जिलों में भी बाढ़, पीएम मोनी ने हवाई सर्वे के बाद किया 500 करोड़ के पैकेज का ऐलान - Web India Live

Breaking News

केरल बाढ़: कर्नाटक के 6 जिलों में भी बाढ़, पीएम मोनी ने हवाई सर्वे के बाद किया 500 करोड़ के पैकेज का ऐलान


अब तक 80 हजार लोगों का विस्थापन हुआ
केरल में 8 अगस्त से भारी बारिश, बाढ़-भूस्खलन से 10 दिन में करीब 180 लोगों की मौत
तिरुअनंतपुरम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वे किया। उन्होंने राज्य को 500 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मदद देने का एेलान किया। इससे पहले 100 करोड़ की मदद दी गई थी। इस आपदा में मारे गए लोगों के परिजन को केंद्र की तरफ से 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे। केरल 94 साल की सबसे भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। बीते नौ दिन में भारी बारिश और बाढ़ के चलते करीब 180 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि मई से अब तक 324 की जान गई। राज्य के 12 जिलों में 3.14 लाख लोग बेघर हो चुके हैं। इन्हें 1568 राहत शिविरों में रखा गया है। उधर, कर्नाटक के छह जिलों में बाढ़ के हालात हैं, छह लोगों की मौत हुई।

शुक्रवार को मुख्यमंत्री पिनरई विजयन से चर्चा के बाद नरेंद्र मोदी देर रात केरल पहुंचे थे। शनिवार सुबह कोच्चि में मुख्यमंत्री और आला अफसरों के साथ बैठक की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री के साथ हवाई सर्वे के लिए निकले। उधर, मौसम विभाग ने रविवार तक केरल के साथ ही तमिलनाडु और कर्नाटक में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया।
8000 करोड़ के नुकसान का अनुमान : केरल में बाढ़ के चलते 80 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। इनमें अकेले एर्नाकुलम के अलुवा के 70 हजार लोग शामिल हैं। बाढ़ से केरल में आठ हजार करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। सेना की 16, नाैसेना की 28 और एनडीआरएफ की 58 टीम राहत-बचाव काम में युद्ध स्तर पर जुटी हैं। भारी बारिश के चलते पिछले दिनों राज्य में छोटे-बड़े 80 बांधों के गेट खोलने पड़े। उधर, आईसीआईसीआई बैंक और एसबीआई ने केरल में ग्राहकों से इस महीने ईएमआई और क्रेडिट कार्ड के बिल चुकाने में देरी पर पेनल्टी माफ करने का ऐलान किया है। सऊदी अरब के शेख खलीफा ने केरल में बाढ़ राहत के लिए एक कमेटी बनाई।
केरल में पेयजल संकट गहराया : भीषण आपदा के बीच अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी आ गई। यातायात ठप होने से ज्यादातर पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं। कई इलाकों में पेयजल संकट गहरा गया है। दक्षिण रेलवे तमिलनाडु से पीने के पानी के कई वैगन भेज रहा है। महिला और बाल विकास विभाग ने खाने के पैकेट भेजे हैं। उधर, बाढ़ के कारण कोच्चि एयरपोर्ट बंद है। एअर इंडिया ने कोच्चि की अपनी विमान सेवाओं को तिरुवनंतपुरम से शुरू किया। शुक्रवार को राज्य से गुजरने वाली या चलने वाली 35 ट्रेनों को रद्द किया गया। केरल सरकार कोच्चि के नौसेना हवाई अड्डे से भी उड़ानें शुरू कराने की कोशिश में हैं।


सोशल मीडिया के जरिए मदद की अपील : मुख्यमंत्री विजयन ने ट्विटर के जरिए मुख्यमंत्री राहत कोष का बैंक खाता नंबर शेयर कर लोगों से मदद की अपील की। वरुण धवन, अनुष्का शर्मा और अभिषेक बच्चन समेत कई कलाकारों ने हेल्पलाइन नंबर शेयर किए। साथ ही लोगों से मदद के लिए आगे आने को कहा। तेलंगाना सरकार ने 25 करोड़, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और आंध्र प्रदेश ने 10-10 करोड़ रुपए की सहायता का ऐलान किया। एसबीआई ने भी केरल को दो करोड़ की मदद दी है।

कर्नाटक के छह जिले बाढ़ की चपेट में : कर्नाटक में भी कई जिलों में बाढ़ आई हुई है। वायुसेना ने बाढ़ में फंसे 873 लोगों को 17 राहत-शिविरों में पहुंचाया। दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, उडुपी, चिकमंगलुरू, कोडगू, हासन का कुछ हिस्सा बाढ़ की चपेट में हैं। मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बताया कि कोडगू जिले में बाढ़-बारिश से छह लोगों को मौत हुई। 11 हजार घरों को नुकसान पहुंचा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना और एनडीआरएफ के एक हजार जवान राहत कार्य में जुटे हुए हैं। कर्नाटक के 16 अन्य जिले सूखे की चपेट में हैं। केरल और कर्नाटक में बारिश से आंध्रप्रदेश और तेलंगाना में कावेरी और गोदावरी सहित अन्य नदियां उफान पर हैं। तटीय गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है।

गुजरात समेत चार राज्यों में बारिश : मानसून गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और राजस्थान में फिर सक्रिय हो गया है। महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से बारिश हो रही है। शुक्रवार को औरंगाबाद की रंगावली नदी में बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई। मराठवाड़ा और विदर्भ में भी एक-एक युवक की जान गई। गुजरात में एक पखवाड़े के बाद कच्छ को छोड़कर अधिकतर हिस्साें में भारी बारिश हुई। अहमदाबाद में जलभराव से जनजीवन पर असर पड़ा। मध्यप्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी बारिश ने जोर पकड़ लिया है।

No comments