ग्वालियर: प्रेम प्रसंग में फंसी महिला ने अपने ही 8 साल के मासूम की करा दी हत्या
ग्वालियर। शहर से 110 किलोमीटर दूर सबलगढ़ के बीहड़ में की गला घोंटकर हत्या
प्रेम प्रसंग में फंसी महिलाएं यह भूल जाती है कि वह क्या करने जा रहीं हैं। उन्हें तो सिर्फ प्रेम ही दिखता है। इसके लिए वह किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हो जाती हैं। ऐसा ही एक मामला ग्वालियर क्षेत्र का सामने आया है। जिसमें पति को लकवा होने के कारण प्रेमी के साथ घर बसाने के लिए एक महिला ने अपनी ही कोख से जन्मे 8 साल के बेटे की हत्या करवा दी। प्रेमी अपने दो दोस्तों के साथ बच्चे को शहर से 110 किमी दूर सबलगढ़ के बीहड़ में ले गया और वहां बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी। बेटे विनीत की हत्या के आरोप में पुलिस ने महिला और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लगवा लगने के बाद बढ़ी थी संदीप से नजदीकियां
बताया जा रहा है कि आठ साल पहले मोतीझील निवासी धर्मेंद्र शर्मा की शादी कुलैथ निवासी सपना से हुई थी। धर्मेंद्र एक फैक्टरी में सुपरवाइजर का काम करता था। धर्मेंद्र के तीन भाईयों के भी शिवनगर में अलग-अलग मकान है। दो साल पहले धर्मेंद्र को अचानक लकवा हो गया। इस यहीं से सपना ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दिया और कुलैथ के ही निवासी संदीप जाटव से नजदीकियां बढ़ाने लगी। संदीप ने सपना की ससुराल के पास ही एक कमरा किराए पर ले लिया।
ऐसे हुआ मामले का खुला राज:
पुलिस के अनुसार सपना ने 14 जुलाई को बहोड़ापुर थाने में विनीत के अपहरण का मामला दर्ज कराया था। उसने जेठ और ससुराल के लोगों पर संदेह जताया था। पूछताछ में सपना के जेठ और अन्य परिजन ने बताया कि इस मामले से सपना की ही भूमिका संदिग्ध है। पुलिस ने सपना के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि उसकी संदीप जाटव से लगातार बात हो रही थी। संदीप की तलाश की गई तो वह अपने घर से गायब मिला। उसके दोस्तों की मदद से संदीप पकड़ में आया। पुलिस ने सपना के अपराध कुबूलने की बात कहकर संदीप से पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने पूरा घटनाक्रम कुबूल कर लिया।
गिड़गिड़ाया मासूम, अंकल मुझे क्यों मार रहे हो....
आठ साल के मासूम विनीत को जब हत्यारे जंगल में ले गए तो वह भागने की कोशिश करने लगा। दो साथियों ने उसके हाथ-पैर पकड़े और तीसरा गला दबाने लगा। वह गिड़गिड़ाते हुए बोला कि अंकल मुझे क्यों मार रहे हो, मैंने क्या गलती की है तो संदीप ने यह कहते हुए साफी का फंदा बनाकर गला घोंट दिया कि तेरे कारण हम फंसेंगे। हत्यारों को उस पर जरा भी रहम नहीं आया। जब उसके गले में साफी का फंदा बनाकर अंटा लगाया तो वह झटपटाने लगा। उसने संघर्ष भी किया लेकिन आखिर वह हार गया।यह बात खुद आरोपियों ने पुलिस को बताई।
मां ने ही बेटे को तैयार कर भेजा था हत्यारे के साथ
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा तो उन्होंने बताया कि मासूम विनीत को पता ही नहीं था कि हम उसे हत्या करने ले जा रहे हैं। उसकी मां ही खुद उसे संदीप के पास छोड़कर गई थी। 13 जुलाई को दोपहर में सपना ने ही अपने बेटे को बाजार जाने की कहकर संदीप जाटव के साथ भेजा था। उसने यह भी कहा था कि पीछे से मैं भी आ रही हूं। मां के भेजने पर विनीत, संदीप के साथ चला गया। संदीप ने पुलिस को बताया कि विनीत उन्हें जानता था, इसलिए उसे जिंदा नहीं छोड़ सकते थे। उसे पूरी योजना के साथ जंगल ले गए। हत्या के बाद सपना को इसकी जानकारी भी दी।
पहले भी कर चुकी थी कई हरकतें
संदीप को एक साल पहले परिजनों ने सपना के घर से पकड़ा था। उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था और चोरी के प्रयास का मामला दर्ज करवाया था। करीब एक महीने पहले घर की रायफल सपना ने संदीप को दे दी। जब परिजनों को यह पता लगा तो रायफल के बारे में पूछा। परिजन एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे थे। इस वजह से सपना ने उन्हें अपहरण के मामले में झूठा फंसाने का प्लान बनाया।


No comments