कर्मश्री की भागवत कथा: संत हिरदाराम नगर में 2 से 8 अक्टूबर आचार्य मृदुलकृष्ण महाराज बहाएंगे ज्ञान रस की गंगा - Web India Live

Breaking News

कर्मश्री की भागवत कथा: संत हिरदाराम नगर में 2 से 8 अक्टूबर आचार्य मृदुलकृष्ण महाराज बहाएंगे ज्ञान रस की गंगा


भागवत कथा का आमंत्रण देने एक लाख घरों तक पहुंचेंगी 885 टोलियां, संपूर्ण भोपाल में 10 रथों से होगा कथा का प्रचार-प्रसार
भोपाल। कर्मश्री द्वारा 2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली श्रीमद् भागवत कथा के लिए 885 टोलियां भगवा ध्वज लेकर भोपाल के एक लाख घरों तक कथा का आमंत्रण देने पहुंचेंगी। जोकि का प्रचार-प्रसार भी करेंगी। संस्था अध्यक्ष, विधायक रामेश्वर शर्मा ने बताया कि कथा के आमंत्रण इस बार 30 सितंबर तक एक लाख घरों तक पहुंचाएंगे, इसके साथ ही 29 सितंबर से 3 अक्टूबर तक 10 से ज्यादा प्रचार रथ निकाला जाएगा। इसके लिए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। विधायक शर्मा यहां हलालपुर स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। शर्मा ने कहा की यह भोपाल वासियों का सौभाग्य है की आचार्य मृदुल कृष्ण महाराज के श्रीमुख से पितृपक्ष के दौरान श्रीमद् भागवत कथा श्रवण का अवसर प्राप्त होने जा रहा है। श्रीमद् भागवत कथा के प्रचार-प्रसार के लिए गठित टोलियां पंजीयन पत्रक लेकर लोगों के घर-घर पहुंचेगी। जो प्रत्येक घर से परिवार के 4 सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नम्बर एकत्रित करेगी और लोगों को कथा में आने के लिए आमंत्रित करेगी।
महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए रहेगी विशेष बैठक व्यवस्था
संस्था अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने बताया कि आयोजन पंडाल में महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए अलग-अलग बैठक व्यवस्था रहेगी, जिसमें उन्हें पांडाल में प्रवेश एवं निकासी के समय भी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
कलश यात्रा से होगा कथा का शुभारंभ
श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा निकालकर किया जाएगा। यह कलश यात्रा 2 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे झूलेलाल विर्सजन घाट से निकलेगी और संतनगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए आयोजन स्थल पर पहुंचेगी। कलश यात्रा में हजारों माता-बहने कलश लेकर शामिल होंगी। यात्रा के बाद यह कलश कथा स्थल पर रखे जाएंगे जिनका प्रतिदिन पूजन होगा और कथा के बाद सभी लोग अपने कलश वापस घर लेकर जा सकेंगे।
11 समितियां होंगी घोषित
विधायक शर्मा ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन के लिए 11 समितियों का गठन किया जा रहा है, जिसमें संरक्षक समिति, मार्गदर्शक समिति, स्वागत समिति, व्यवस्था समिति, प्रसाद वितरण समिति, स्वच्छता समिति, चिकित्सा समिति, प्रचार समिति, जल व्यवस्था समिति, वाहन एवं पार्किंग समिति, मीडिया समिति की घोषणा जल्द की जाएगी।

No comments