चुनाव / तारीखों के ऐलान: चंद घंटों पहले 3 राज्यों में 2000 योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
भोपाल। विधानसभा चुनाव के ऐलान की खबर आते ही मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में शनिवार को आनन-फानन में कई योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए गए। यहां चंद घंटों के अंदर 2000 से ज्यादा योजनाओं का श्रीगणेश किया गया। अकेले राजस्थान के उदयपुर में ही 1500 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कार्यालय से एकसाथ कई ऑनलाइन लोकार्पण और शिलान्यास किए। उदयपुर में एक-एक विधायक ने 50-50 और 60-60 जगहों पर कुछ घंटों में 1500 से ज्यादा आधे-अधूरे कामों का शिलान्यास किया। कई जगहों पर शिलालेख की जगह फ्लैक्स और बैनर लगाकर ही उद्घाटन कर दिया गया। स्थिति यह रही कि इतना समय भी नहीं मिल पाया कि शिलान्यास-लोकार्पण पट्टिका तैयार कर दीवार पर ठीक से लगा सकें। अधिकांश जगह पट्टिकाओं को दीवार पर लगाए बिना भी रस्म पूरी कर दी गई। कई जगह कार्यकर्ता नेताओं के आने का इंतजार करते-करते घर लौट गए, लेकिन समय देकर भी वे नेताजी नहीं पहुंच पाए।
मध्यप्रदेश में 48 घंटे में 352 कामों का श्रीगणेश : भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने शनिवार दोपहर तक 48 घंटे में 2415 करोड़ रुपए के करीब 352 विकास कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। जलसंसाधन मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के सेंवड़ा में 2044 करोड़ की रतनगढ़ सिंचाई परियोजना का शिलान्यास किया। वित्तमंत्री जयंत मलैया, पंचायत मंत्री गोपाल भार्गव, गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, जलसंसाधन मंत्री नरोत्तम मिश्रा, उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया, महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस, मंत्री अंतरसिंह आर्य और राज्यमंत्री लालसिंह आर्य समेत तमाम विधायकों और सांसदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में कई काम शनिवार को ही शुरू करा दिए।
मंत्री जहां से गुजरे करते गए उद्घाटन-शिलान्यास : पहले खबर आई कि चुनाव आयोग दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाला था, लेकिन जब इसे ढाई घंटे टाल दिया गया तो केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत ने जावरा में किसान सम्मेलन में जाते वक्त बीच रास्ते में ही कई भूमिपूजन कर डाले। उन्होंने पहले बड़नावद 114 करोड़ रुपए के विकास कार्य का भूमिपूजन किया। हाटपिपल्या से मावता के बीच 52 किमी लंबी सड़क बनना है। इसके बाद उन्होंने नगर परिषद के 1.5 करोड़ रुपए के कार्यों का भूमिपूजन किया। गांववालों ने बताया कि कुछ विकास कार्य आज ही शुरू हो गए।
एक पंडित और आठ लोग, हो गया भूमिपूजन: आचार संहिता लागू होने से पहले उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव ने ताबड़तोड़ 20 करोड़ रु. से ज्यादा के कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण कर दिया। कुछ जगह तो उनके साथ एक पंडित और सात-आठ लोग ही नजर आए। इसके अलावा, होशंगाबाद, बैतूल, रतलाम-नीमच, मंदसौर, खंडवा और ग्वालियर, कटनी, उमरिया और सीहोर में भी विकास कार्यों को शुरू किया गया।
छत्तीसगढ़ में 50 से ज्यादा प्रोजेक्ट शुरू हुए : छतीसगढ़ में भी शनिवार को आचार संहिता लगने से पहले सरकार ने 50 से ज्यादा प्रोजेक्ट शिलान्यास और लोकर्पण किया गया। रायपुर में अधूरे गोंदवारा अंडरब्रिज का उद्घाटन कर दिया गया। आचार संहिता लगने के ठीक पहले 75 मिनट में शहर के छह बड़े प्रोजेक्ट का फीता काटा गया, जबकि गोंदवारा ब्रिज की छत नहीं बनी है।
-उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव ने शनिवार को 20 करोड़ से ज्यादा की योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
-उदयपुर जिले के हिरणमगरी में मावली विधायक दलीचंद ने किया योजना का शिलान्यास।
-नेताओं ने दौड़-दौड़ कर चंद घंटों में कई जगह शिलान्यास कार्यक्रम किए।
-चित्तौड़ में जमीन पर शिलालेख रखकर योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
-संलूबर में पटि्टका नहीं होने पर फ्लैक्स लगाकर ही योजना का शिलान्यास कर दिया गया।
-रायपुर में शनिवार को गोंदवारा अंडरब्रिज का उद्घाटन किया। उसका एक तरफ का छज्जा ही नहीं बना था।
-रायपुर में तेलघानी में अंडरब्रिज और ओवर ब्रिज के लिए किया गया भूमि पूजन।
-राजस्थान में कई जगह शिलालेख की जगह फ्लैक्स-बैनर लगाकर ही कर दिया उद्घाटन
-आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस टली तो मप्र में केंद्रीय मंत्री ने किया 114 करोड़ के कामों का भूमिपूजन
-रायपुर में 75 मिनट में छह बड़े प्रोजेक्ट का फीता काटा

No comments