जयवर्धन सिंह ने कहा- मेरे पिता प्रैक्टिसिंग हिन्दू हैं, उमा भारती चाहें तो खुद उनके खिलाफ चुनाव लड़ लें
भोपाल. मध्यप्रदेश की भोपाल संसदीय सीट को लेकर सियासत गर्म हो गई है। भोपाल अब देश की हॉट सीट में शामिल हो गई है। कमलनाथ सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री और दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने कहा है, 'मेरे पिता प्रैक्टिसिंग हिन्दू हैं, मेरे घर सुबह शाम पूजा होती है।' उन्होंने कहा कि 16 साल बाद मेरे पिता चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। भोपाल लोकसभा से दिग्विजय सिंह के मैदान में होने से चुनाव रोचक गया है और हम निश्चित तौर पर यहां से जीत दर्ज करेंगे। बता दें कि हालांकि भाजपा की ओर से दिग्विजय के सामने कौन होगा अब तक नाम सामने नहीं आया है।
उमा भारती पर भी हमला बोला
जयवर्धन सिंह ने उमा भारती पर भी हमला बोला है। उन्होंने उमा भारती के बयान पर पलटवार करते हुए कहा- साधारण कार्यकर्ता क्या उमा खुद आकर चुनाव लड़ लें, इससे कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ता। भाजपा को किसे चुनाव लड़ाना है, वह तय करे। हमें उनसे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि भोपाल में हम जीत दर्ज करेंगे।
क्या कहा था उमा भारती ने
केन्द्रीय मंत्री उमा ने ट्वीट करते हुए कहा था- दिग्विजय सिंह जी कह रहे हैं, मोदी जी भोपाल से लड़ने की चुनौती स्वीकार करें। यह बात हास्यास्पद है। सिंह जी जब मुख्यमंत्री थे तब मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह जी सतना में बीएसपी के कुश्वाहा से हारे थे, फिर उसके बाद होशंगाबाद से भाजपा के सरताज सिंह जी से चुनाव हारे थे। जब दिग्विजय सिंह जी और अर्जुन सिंह जी मिलकर के कुश्वाहा और सरताज का मुकाबला नहीं कर सके, तो यहां आलोक संजर जी का मुकाबला भी दिग्विजय सिंह जी नहीं कर पाएंगे। दिग्विजय सिंह जी को हराने के लिए किसी बड़े नेता को भेजने की जरूरत नहीं है। भोपाल की जनता, भाजपा के साधारण कार्यकर्ता के माध्यम से भी उनको चुनाव हराएगी।
क्या कहा दिग्विजय सिंह ने
भोपाल से टिकट तय होने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा था 'राघौगढ़ मेरी विधानसभा सीट है और राजगढ़ मेरी संसदीय सीट है। मैं राज्यसभा का सदस्य हूं। मैंने पार्टी अध्यक्ष से कहा था कि वो जहां से भी मुझे मैदान में उतरना चाहते हैं, मैं चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि भोपाल और मैं तैयार हूं।' उन्होंने कहा- अब भोपाल लोकसभा सीट पर कड़ा मुकाबला होगा और हम विजयी होंगे। भाजपा मेंरे खिलाफ एक मजबूत उम्मीदवार को मैदान में उतार सकता है, मुझे कोई समस्या नहीं है लेकिन मुझे विश्वास है कि हम भोपाल में जीतेंगे। भोपाल लोकसभा से दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ना किसी चुनौती से कम नहीं है। माना जा रहा है कि अब दिग्विजय सिंह मुकाबला सिर्फ भाजपा उम्मीदवार नहीं बल्कि आरएसएस (संघ) और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2YoX5EF
via
No comments