चौथा चरण: छह सीटों के लिए वोटिंग जारी, 2014 में भाजपा ने इनमें से पांच सीटों पर दर्ज की थी जीत - Web India Live

Breaking News

चौथा चरण: छह सीटों के लिए वोटिंग जारी, 2014 में भाजपा ने इनमें से पांच सीटों पर दर्ज की थी जीत

भोपाल. लोकसभा चुनाव 2019 के चौथे चरण के लिए 9 राज्‍यों की 71 सीट पर वोटिंग जारी है। इसमें मध्यप्रदेश की 6, महाराष्‍ट्र की 17, उत्‍तर प्रदेश की 13, राजस्‍थान की 13 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा पश्‍च‍िम बंगाल की 8, बिहार की 5, कश्‍मीर की एक और झारखंड की 3 सीटों पर वोटिंग हो रही है। वहीं, मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए भी वोटिंग हो रही है। यहां से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। छिंदवाड़ा विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक दीपक सक्सेना के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी। दीपक सक्सेना ने सीएम कमलनाथ के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी।

 


कमलनाथ के बेटे भी चुनाव मैदान में
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मध्य प्रदेश के जिन 6 सीटों पर वोटिंह हो रही है उनमें प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की संसदीय सीट छिंदवाड़ा भी शामिल है। मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के कारण कमलनाथ इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ा। उनकी जगह पार्टी ने नकुलनाथ को टिकट दिया है। नकुलनाथ सीएम कमलनाथ के बेटे हैं।


इन सीटों पर हो रही है वोटिंग
मध्यप्रदेश की छह लोकसभा सीटों सीधी, शहडोल, मंडला, बालाघाट, जबलपुर और छिंदवाड़ा में वोटिंग हो रही है। 2014 में भाजपा ने इन छह में से पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। केवल छिंदवाड़ा सीट पर कांग्रेस को जीत मिली थी।

नकुलनाथ सबसे अमीर उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उसमें सबसे रईस उम्मीदवार मध्यप्रदेश की छिंदवाड़ा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ हैं। इनकी कुल संपत्ति 660 करोड़ से ज्यादा है। एडीआर ने पूरे देश के 928 उम्मीदवारों के आंकड़े को विश्लेषित किया है। जिसमें आपराधिक, गंभीर आपराधिक, करोड़पति और औसतन संपत्ति का विश्लेषण है। चौथे चरण में पांच करोड़ से अधिक की संपत्ति वाले उम्मीदवारों की संख्या करीब 101 है।

कहां किसके बीच मुकाबला:

जबलपुर: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की प्रतिष्ठा दाव पर है। उनका मुकाबला कांग्रेस के विवेक कृष्ण तन्खा से है।
सीधी: भाजपा ने मौजूदा सांसद रीति पाठक को ही दोबारा टिकट दिया। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह को उतारा है।
शहडोल: बीजेपी की उम्मीदवार हिमाद्री यहां से पिछला लोकसभा उपचुनाव बतौर कांग्रेस उम्मीदवार लड़ चुकी हैं। वहीं कांग्रेस ने जिन पूर्व विधायक प्रमिला सिंह को उम्मीदवार बनाया है उन्होंने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थामा है।
मंडला: भाजपा ने मौजूदा सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते पर फिर से भरोसा जताया है। कांग्रेस ने कमल मरावी को उतारा है।
बालाघाट: भाजपा ने ढाल सिंह बिसेन को प्रत्याशी बनाया। कांग्रेस ने मधु सिंह भगत को टिकट दिया।
छिंदवाड़ा: कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार नत्थन शाह से है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2UJC1W5
via

No comments