डिवाइडर से टकराकर ट्रक से भिड़ी कार, दवा व्यापारी की मौत - Web India Live

Breaking News

डिवाइडर से टकराकर ट्रक से भिड़ी कार, दवा व्यापारी की मौत

आष्टा/कोठरी. भोपाल-इंदौर हाइवे पर कचनारिया के समीप सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार दूसरी कार के ओवरटेक करने के चक्कर में डिवाइडर से टकराते हुए उछलकर दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। कार यहीं नहीं रुकी, ट्रक से टकराने के बाद ऑटो से भिड़कर सीधे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार दवा व्यापारी की मौत हो गई और उसका एक दूसरा साथी और ऑटो चालक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है, जहां उपचार किया जा रहा है।


इंदौर के खाती वाला टैंक निवासी दवा व्यापारी विशाल (35) पिता सुंदरदास गंगवानी और गौरव टेकवानी कार से भोपाल एम्स दवा सप्लाई करने जा रहे थे। कोठरी और कचनारिया जोड़ के बीच कार को एक दूसरी कार चालक ने ओवरटेक करना शुरू कर दिया। इससे चालक विशाल गंगवानी का संतुलन बिगड़ा और कार डिवाइडर से टकराने के बाद उछलकर दूसरी तरफ इंदौर लेन पर पहुंच कर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। ट्रक से टकराने के बाद कार रुकी नहीं और एक ऑटो को टक्कर मारते हुए खेत में जाकर पलट गई। हादसे में विशाल की मौत हो गई। गौरव और ऑटो चालक अशोक तुकाराम गंभीर घायल हो गए। इन्हें 108 की मदद से इलाज के लिए आष्टा सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को देवास रेफर कर दिया है। गौरव टेकवानी ने बताया कि महज कुछ सेकंड में इतना बड़ा हादसा हो गया। इसमें एक पल के लिए तो लगा कि सीधे मौत से सामना हुआ। सिविल अस्पताल में विशाल का पीएम होने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए, जबकि ट्रक, ऑटों भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मार्ग को डायवर्ट कर दूसरी तरफ की सड़क से आवाजाही चालू कराई। उसके बाद ऑटो, ट्रक को सड़क से अलग कर कार को सही कराया। इस कार्य में करीब आधे घंटे से ज्यादा का समय लगने से डायवर्ट मार्ग से आवागमन करने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीच में कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई थी।

भोपाल इंदौर हाइवे पर दूसरी कार के ओवरटेक करने के चक्कर में कार डिवाडर से टकराने के बाद उछलकर दूसरी तरफ से ट्रक और ऑटो से टकराई है। कार सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
सिद्धार्थ प्रियदर्शन, टीआइ आष्टा



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kbvJPm
via

No comments