सचिन पायलट के बारे में ये क्या बोल गए अजय माकन
भोपाल : कांग्रेस के महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अजय माकन कांग्रेस में चल रही खींचतान के सवालों पर उलझ गए और ठीक से जवाब नहीं दे पाए। यहां तक कि माकन यह ग्यारंटी भी नहीं दे पाए कि राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अगले विधानसभा चुनावों तक कांग्रेस में बने रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई प्रेस कान्फ्रेंस में जब माकन से पूछा गया कि क्या पायलट का विमान अगले विधानसभा चुनाव तक कांग्रेस के बाहर उड़ान नहीं भरेगा तो माकन ने कहा कि मैं ऐसा कुछ नहीं कह सकता जो कल की हेडलाइन बन जाए और महंगाई का मुद्दा पीछे रह जाए। वहीं माकन से पूछा गया कि क्या पायलट को सत्ता में भागीदारी मिलेगी, इस सवाल पर भी माकन कोई उचित जवाब नहीं दे पाए।
उन्होंने बस इतना कहा कि मैं ये आपको क्यों बताउं मिलेगी या नहीं। जो मुझे कहना होगा वो मैं सचिन पायलट से कहंूगा। माकन ने मीडिया से कहा कि क्या सचिन पायलट ने सत्ता में भागीदारी के लिये कोई शिकायत की है। माकन ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की अंदरुनी खीचतान अब संभल चुकी है। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के केंद्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी संभालने और प्रशांत किशोर से कांग्रेस नेताओं की मुलाकात के सवाल पर माकन ने कहा कि ये उनके स्तर से उपर की बातें हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के मंत्री बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि क्या बोलूं और क्यों बोलूं। माकन ने कहा कि कौन सा राजनीतिक दल है जिसमें खींचतान नहीं होती। बुरा समय होता है तो कई साथी छोडकऱ चले जाते हैं।
महंगाई डायन भाजपा के लिए अप्सरा :
महंगाई के विरोध में कांग्रेस के नेता देशभर में प्रेस कान्फ्रेंस कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। माकन ने कहा कि डीजल,पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों पर हल्ला करने वाले नेता अब मौन हैं। भाजपा सरकार के लिए महंगाई डायन अब अप्सरा बन गई है। उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ गांधीवादी तरीके से विरोध करेंगे। माकन ने कहा कि पिछले चार महीने में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 66 बार बढ़ाई गई हैं। मोदी सरकार ने अपने शासनकाल के पिछले 7 सालों में एक्साइज ड्यूटी से 25 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का मुनाफा कमाया है। पिछले 7 सालों में पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में 247 फीसदी और डीजल पर 794 फीसदी इजाफा किया गया है। पेट्रोल पर एक्साइज में पिछले 7 सालों में 23.42 रुपए प्रतिलीटर और डीजल पर 28.24 रुपए प्रतिलीटर की वृद्धि की गई। माकन ने कहा कि कांग्रेस इस महंगाई के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन कर रही है। प्रदेश में महिला कांग्रेस गुरुवार को ब्लॉक स्तर तक प्रदर्शन करेगी।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kiUqJJ
via
No comments