अयोध्‍या में राम मंदिर का पता नहीं लेकिन अयोध्‍या स्‍टेशन को जरूर राम मंदिर जैसा बनाया जाएगा - Web India Live

Breaking News

अयोध्‍या में राम मंदिर का पता नहीं लेकिन अयोध्‍या स्‍टेशन को जरूर राम मंदिर जैसा बनाया जाएगा


दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट से भी अभी तक इसका कोई फैसला नहीं हो पाया है। ऐसे में यह निश्चित नहीं है कि वहां मंदिर कब तक बनेगा, मगर 2020 तक अयोध्या में मंदिर जैसा दिखने वाला रेलवे स्टेशन जरूर बनकर तैयार हो जाएगा। रेलवे स्टेशन के मॉडल को दिल्ली के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में चल रहे अयोध्या पर्व में दर्शाया गया है। यहां बड़ी अयोध्या के नक्शे में राम मंदिर को भी जगह दी गई है।
रविवार को मॉडल देखने का आखिरी मौका
अयोध्या पर्व में दर्शाया गया अयोध्या रेलवे स्टेशन का मॉडल बिल्कुल मंदिर की तरह दिखाई देता है। इसका कुछ हिस्सा विश्व हिंदू परिषद के प्रस्तावित राम मंदिर के मॉडल से मेल खाता है। रेलवे स्टेशन के चारों कोनों को मंदिरों के ऊपर वाले बड़े गुंबदों से सजाया जाएगा।
स्टेशन के बीच बनेगा मुकुटनुमा ढांचा
इसके अलावा बीच-बीच में कुछ छोटे गुंबद भी लगाए जाएंगे। स्टेशन के बीचों-बीच मुकुटनुमा ढांचा होगा, वहीं खंभे भी मंदिरों की तरह ही होंगे। स्टेशन का पूरा विकास रेलवे की ओर से किया जा रहा है। पर्व में बड़ी अयोध्या का एक नक्शा भी लोगों के लिए दर्शाया गया है।
इसमें अयोध्या के अंतर्गत आने वाले सभी धार्मिक और सांस्कृतिक जगहों को दिखाया गया है। इस नक्शे के बीचों-बीच राम मंदिर भी दर्शाया गया है, जो नक्शे की ओर देखने वाले को तुरंत नजर आता है। इसके अलावा यहां चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। इनमें श्रृंगी ऋषि आश्रम, जंबू द्वीप प्रमुख तौर पर हैं।

No comments