झारखंड: किसानों को कर्ज लेने पर पहले कांग्रेस ने मजबूर किया, अब कर्जमाफी पर गुमराह कर रही: मोदी
मेदिनीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पलामू में कांग्रेस को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा, "कांग्रेस किसानों को कर्ज माफी का वादा कर गुमराह कर रही है। कांग्रेस की सरकारों ने समय रहते किसान हितों की परियोजनाओं को पूरा कर दिया होता तो आज किसानों को कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती। पहले कांग्रेस सरकारों ने किसानों को कर्ज लेने पर मजबूर किया और आज कर्जमाफी के नाम पर किसानों को गुमराह कर रही है।" कांग्रेस ने हाल के मध्यप्रदेश, छतीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनाव में किसानों की कर्ज माफी के वादे पर सत्ता में वापसी की। तीनों राज्यों में पहले भाजपा की सरकार थी।
मोदी ने कहा, "देश के उज्जवल भविष्य के लिए किसानों को ताकतवर बनाने की दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं। हम किसानों और देश की सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रहे हैं। खेत से बाजार तक नई व्यवस्था खड़ी करके हम किसान को सशक्त कर रहे हैं।" इससे पहले प्रधानमंत्री ने पलामू में 3682.06 करोड़ की 6 योजनाओं का शिलान्यास किया।
No comments