कांग्रेस की घोषणा पत्र समिति ने राहुल को बताई जनता की नब्ज
भोपाल. प्रदेश कांग्रेस के सर्वे में दावा किया गया है कि पुलवामा हमले और एयर स्ट्राइक के बाद देश में बना राष्ट्रवाद का माहौल अब खत्म होने लगा है। प्रदेश की घोषणा पत्र समिति ने अलग-अलग जगहों और विभिन्न तबकों से बातचीत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को 150 सुझाव भेजे हैं, जो प्रदेश पर सीधा असर डालते हैं। सर्वे में सामने आया है कि लोग अब राष्ट्रवाद के बजाय बुनियादी मुद्दों पर बात कर रहे हैं। समिति ने प्रमुख रूप से कर्जमाफी और युवा स्वाभिमान जैसी रोजगारपरक योजनाओं के गहरे असर को बताया है।
ये हैं घोषणापत्र समिति के प्रमुख बिंदु
- कर्जमाफी के फैसले से कांग्रेस के पक्ष में आए किसान।
- युवा स्वाभिमान योजना का युवाओं पर असर।
- परंपरागत व्यवसाय को बढ़ावा देने कानून बनाया जाए।
- मौजूदा संवैधानिक व्यवस्था में न हो बदलाव, जाति आधारित राजनीति खत्म हो।
- किसानों को फसल का उचित दाम दिलाने की पुख्ता व्यवस्था हो।
- रक्षा और देश से जुड़े मामलों में राजनीतिक बयानबाजी पर रोक।
- मनरेगा की तर्ज पर रोजगार गारंटी कार्यक्रम।
- रेलवे नेटवर्क में मध्यप्रदेश राष्ट्रीय औसत से बहुत पीछे, इस पर काम हो।
- हवाई नेटवर्क को बेहतर किया जाएगा, एयर कनेक्टिविटी प्रदेश में अच्छी नहीं
- बरगी परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया जाए।
- लॉजिस्टिक हब बने मध्यप्रदेश
देश में बने माहौल पर चिंतित कांग्रेस
पुलवामा हमला और एयर स्ट्राइक के बाद देश में जिस तरह का माहौल बना है, उसे लेकर कांग्रेस चिंतित है। पार्टी को लगता है कि जिस तरह से भाजपा इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, उससे कांग्रेस को नुकसान न हो जाए। कांग्रेस ने इसीलिए जनता की नब्ज जानने की कोशिश की है। मेनिफेस्टो कमेटी समाज के विभिन्न तबकों में जाकर मुद्दे तलाशने के साथ-साथ इस मसले पर जनता की राय जानने की कोशिश कर रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2tVvb4Y
via
No comments