4 लाख लोग परेशान होते हैं, एक महीने में सुधारो जलापूर्ति - Web India Live

Breaking News

4 लाख लोग परेशान होते हैं, एक महीने में सुधारो जलापूर्ति

भोपाल. कोरोना काल में विकास के थमे पहिए को रफ्तार देने के लिए मंगलवार को जिला पंचायत कार्यालय के सभागार में हुई जिले की समीक्षा बैठक में जल वितरण व्यवस्था पर जनप्रतिनिधियों ने नगर निगम के अफसरों को घेरा। मंत्री विश्वास सारंग, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, गोविंदपुरा विधायक कृष्णा गौर, पीसी शर्मा व अन्य ने निगमायुक्त से कहा कि आए दिन कोलार लाइन फूट जाती है। 4-5 लाख लोग प्रभावित होते हैं, कोई प्लान नहीं है। इस पर जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने निगम को एक माह का समय जल वितरण व्यवस्था सुधार और प्लान बनाने के लिए दिया। साथ ही नर्मदा के बल्क कनेक्शन के साथ लोगों को अलग कनेक्शन का प्रस्ताव शासन के पास भेजने पर सहमति बनी है। इसे कैबिनेट में भी रखा जाएगा। शहर में पांच यंत्री सिर्फ जल आपूर्ति के लिए होंगे। बैठक में कलेक्टर अविनाश लवानिया, डीआइजी इरशाद वली, निगमायुक्त केवीएस चौधरी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।

वाहवाही लूटी, 30 फीट का नाला 5 फीट किया
प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि निगम के अफसर जाकर साइट बिजट करें और समस्या का समाधान करें। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने सीमांकन कराने की बात कही है। विधायक रामेश्वर शर्मा बोले कि भानपुर खंती, आदमपुर छावनी को वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च कर दिए। भानपुर का 30 फीट का नाला 5 फीट का रह गया। विधायक कृष्णा गौर ने कहा कि नाले को लेकर आए दिन लोग शिकायत करते हैं, बरसात में भारी परेशान होती है। आदमपुर में भी सिर्फ दिखावा हो रहा है।

भोपाल को मिलेगा मेट्रो सिटी का दर्जा
भोपाल शहर को मेट्रो सिटी के रूप में दर्जा दिलाने के लिए अधिसूचित करने का सैद्धांतिक फैसला बैठक में किया गया।
सांसद की तरफ नजरें
आसाराम चौराहे से अचारपुरा तक सड़क चौड़ा करने अब्बास नगर में कई स्थानों से अतिक्रमण हटना है। कुछ धार्मिक स्थल भी हैं। इस पर भाजपा विधायक और कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा, जिपंअ मनमोहन नागर ने कहा कि इसे हटाकर 12 मीटर चौड़ी रोड बनानी चाहिए। अब्बास नगर अतिक्रमण पर एक राय नहीं हो पा रही। हालांकि सांसद प्रज्ञा सिंह ने इस पर लोगों से सहमति लेने की बात कही है। इसके बाद लोग उनकी तरफ देखने लगे।

मसूद ने मांगे 3 करोड़, रामेश्वर बोले- टैक्स नहीं तो विकास कैसा
आरिफ मसूद ने नगर निगम की तरफ से विधानसभावार 3-3 करोड़ रुपए देने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मध्य विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 करोड़ मांगे। इस पर रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जिस वार्ड या विधानसभा से ज्यादा टैक्स की प्राप्ति हो, वहां विकास ज्यादा कराएं। इस पर मसूद खिसिया गए। बोले हमारे काम क्यों नहीं होंगे? गौरतलब है कि नगर निगम को मध्य विस क्षेत्र के कुछ वार्डों से टैक्स नहीं मिलता।
शाहपुरा विवाद भी उठा
शाहपुरा में एक धार्मिक स्थल के आगे हुए अतिक्रमण को हटाने का मामला भी उठा। विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि उनके क्षेत्र में कुछ करने से पूर्व उन्हें जानकारी नहीं देते। माहौल बिगड़े तो कौन जिम्मेदार होगा।
ये बिंदु भी
तीसरी लहर: जिले के 15 अस्पतालों में 8530 बेड की व्यवस्था की गई है।
16 मीट्रिक टन क्षमता के 15 ऑक्सीजन प्लांट अलग-अलग अस्पतालों में लगने हैं। चार शुरू हो गए। कई अस्पतालों में ऑक्सीजन स्टोरेज क्षमता बढ़ाई गई है। एक दिन में 185 मीट्रिक टन ऑक्सीजन स्टोरेज की क्षमता की जा रही।
कोलार में कई कॉलोनियों में अंधेरा है। रामेश्वर शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी की लाइटें वहां नहीं हैं।
सार्वजनिक परिवहन: शहर की सीमा करीब 20 किमी दायरे में फैल गई है। इसमें महिलाओं, बच्चों और छात्र-छात्राओं के लिए सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था की जाए। इसके प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। 64 बसों के रूट का प्रस्ताव तैयार होगा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3hBY7se
via

No comments